Monday 8 November 2010

पूरी दुनिया में छा गया है ओबामा का डांस

लंदन/सिडनी.अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का मुम्बई में स्कूली बच्चों संग थिरकना पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है। अमूमन सभी देशों के मीडिया ने सोमवार को इससे जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी।

राष्ट्रपति ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने रविवार को मुम्बई के एक स्कूल में बच्चों के साथ महाराष्ट्र का पारम्परिक कोली नृत्य किया। इस मौके पर ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने बच्चों के साथ दीपावली भी मनाई।

ओबामा दम्पति का यह नृत्य मीडिया की सुर्खी बन गया। ब्रिटिश समाचार पत्र 'डेली स्टार' ने अपनी वेबसाइट पर इस नृत्य से जुड़ा एक वीडियो जारी करते हुए लिखा, "ओबामा और मिशेल बच्चों को नृत्य करता देख खुद को रोक नहीं सके। मिशेल ने बेहतरीन ढंग से ताल से ताल मिलायी। वह 'रंग दे बसंती' की धुन पर खूब थिरकीं।"

आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक, "ओबामा और मिशेल का बॉलीवुड की धुनों पर थिरकना शानदार रहा। ओबामा दम्पति ने बच्चों संग दीपावली मनाई। बच्चों संग मिशेल का नृत्य करना भारतीय मीडिया के जरिए भारत में भी खूब पढ़ा और देखा गया।"

ओबामा और मिशेल शनिवार को मुम्बई पहुंचे थे। रविवार को तय कार्यक्रम के अनुसार ओबामा दंपत्ति मुम्बई के होलीनेम स्कूल पहुंचे जहां बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। कोली नृत्य पर नाच रहे नन्हे-मुन्नों को देख पहले मिशेल थिरकीं। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति भी झूमने से खुद को नहीं रोक सके। ओबामा ने बच्चों के साथ ताल में ताल मिलाई।

नृत्य के बाद ओबामा ने कुछ देर तक बच्चों से बात की और उन्हें ऑटोग्राफ भी दिए। बच्चों में ओबामा और मिशेल को लेकर खूब उत्साह देखा गया। मिशेल बच्चों के साथ बेहद खुश नजर आ रही थीं।

No comments:

Post a Comment